नसीराबाद। धरई मजरे भुआलपुर सिसनी गांव में मंगलवार को एक युवक ने मोबाइल न मिलने पर फांसी लगाकर जान दे दी। वह पिछले कई दिनों से पिता से मोबाइल खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था।
गांव निवासी विजय कोरी (22) कई दिनों से पिता रामलाल से मोबाइल फोन खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। मंगलवार को उसने पिता से फिर कहा कि अगर मोबाइल नहीं दिलाया, तो फांसी लगा लेंगे। बेटे की इस हरकत से परेशान होकर पिता थाने शिकायत करने चले गए। दोपहर बाद जब वह घर लौटे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया तो विजय का शव पंखे के हुक से अंगौछे के सहारे लटक रहा था।
सूचना पर थानाध्यक्ष बालेंदु गौतम मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत से मां सुनीता, बहन जूही, बड़े भाई अजय कुमार, छोटी बहन संध्या का रो-रोकर हाल बेहाल है।