सलोन। लालापुर गांव में सांप के काटने के बाद एक तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के लिए तांत्रिक के पास ले गए थे।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राजू का पुत्र आरवी घर में खेल रहा था। इसी दौरान एक सांप ने अंगुली में काट लिया। सांप काटने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए। वे बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय तांत्रिक के पास झाड़फूंक कराने ले गए। करीब दो घंटे तक झाड़फूंक कराने के बाद बच्चे की हालत लगातार बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे सीएचसी सलोन लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. सतेंद्र त्रिपाठी ने बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उपचार के दौरान शाम को मासूम की मौत हो गई। कोतवाल संदीप कुमार राय ने भी सांप काटने से बच्चे की मौत की पुष्टि की है।