केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को 69 करोड़ 72 लाख की लागत से तिलोई में बन रहे अस्पताल का जायजा लिया। इस दौरान किसान रामसनेही पासी ने अस्पताल में जा रही एक बीघा तीन बिस्वा जमीन के बदले दूसरी जमीन न मिलने की शिकायत की। इस पर स्मृति ईरानी ने एसडीएम को फटकार लगाते हुए सुधरने की चेतावनी दे डाली। एक सप्ताह के भीतर किसान को दूसरी जमीन दिलाने की बात कही।
इससे पहले राजभवन में कार्यकर्ताओं से स्मृति ईरानी ने मुलाकात की। कहा कि अमेठी के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने यहां पर तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण से संगठन के कामकाज का हाल जाना। यहां कुछ देर रुकने के बाद स्मृति ईरानी तिलोई-इन्हौंना मार्ग पर लोधरिया गांव के पास बन रहे 200 बेड के अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोती खां मजरे रस्तामऊ गांव के किसान रामसनेही पासी ने परिवार वालों के साथ पहुंच कर मंत्री से शिकायत की, कि जमीन अस्पताल निर्माण में जा रही है। इसके बदले दूसरी जमीन देने की बात कही गई थी। अब तक जमीन नहीं मिल पाई है। यह सुनते ही मंत्री भड़क गईं। उन्होेंने मौके पर मौजूद तिलोई एसडीएम डॉ. अशोक शुक्ला से जब इस बाबत पूछताछ की तो वे बगले झांकने लगे।
इस पर मंत्री ने एसडीएम को फटकार लगाई और तत्काल दूसरी जमीन किसान को उपलब्ध कराने की बात कही। मंत्री ने कहा कि अस्पताल बन जाने से यहां के लोगों को इलाज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार, राकेश त्रिपाठी, राम कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी लखनऊ एयरपोर्ट में उतरने के बाद सड़क मार्ग से होकर रायबरेली होते हुए अमेठी संसदीय क्षेत्र पहुंची।
बछरावां क्षेत्र के चुरुवा मंदिर के पास मंत्री का भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। ईरानी ने कहा कि हर गरीब को न्याय एवं हर बेरोजगार युवा को रोजगार दिलाने का काम किया जाएगा। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगीजी के निर्देशन पर भ्रष्टाचार व गुंडाराज से आमजनमानस को मुक्त कराया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत, अनुभव कक्कड़ आदि मौजूद रहे।
तिलोई स्थित विधायक निवास राजभवन में केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक ने मंत्री से तिलोई एसडीएम डॉ. अशोक शुक्ला का परिचय कराया। इस पर एसडीएम ने मंत्री से सेल्फी लेने की बात कही। इस पर स्मृति ईरानी ने कहा कि लगता है तुम्हें यहां से हटवाना पड़ेगा। इस पर एसडीएम का जवाब था कि मैडम जहां आप भेेजेंगी, वहीं आप की सेवा करूंगा। यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।