रायबरेली। इस जिले से होकर गुजरने वाली कानपुर रूट की छह ट्रेनें बृहस्पतिवार को निरस्त रहीं, वहीं एक ट्रेन दूसरे रास्ते से चलाई गई। निरस्त गाड़ियों में दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें और एक जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल रही, जबकि चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस डायवर्ट होने के कारण नहीं आई।
सिर्फ कानपुर रूट ही नहीं, अन्य रूटों की ट्रेनों का संचालन भी बिगड़ा रहा। लेटलतीफी की वजह से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा घंटे विलंब से आई। वहीं दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस और देहरादून-बनारस जनता मेल पौन घंटे देर से पहुंची।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कानपुर में गंगा पुल पर रेलवे ट्रैक का सुधार कार्य चल रहा है, जिससे कानपुर रूट की ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। अन्य रूटों की विलंब से आने वाली ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।