लालगंज क्षेत्र में दिवाली को लेकर चल रहे अभियान में मखाना का नमूना लेती एफएसडीए की टीम।
रायबरेली। दिवाली पर मिलावटखोरी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए शुक्रवार को भी अभियान जारी रहा। दूसरे दिन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सदर के साथ लालगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। संदिग्ध प्रतीत होने पर काजू, किशमिश समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने भरे।
खाद्य आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को हरेंद्र सिंह, सत्येंद्र यादव, कंचनलता, सौरभ उत्तम, संजय तिवारी आदि की टीम ने अभियान चलाया। शहर के हनुमंतपुर स्थित रोहित ट्रेडर्स से किसमिस, मखाना और काजू का नमूना भरा गया। टीम ने पुरानी गल्लामंडी लालगंज में सोनू जनरल स्टोर से मखाना और किशमिश का नमूना भरा। इस दौरान कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग निकले।
अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि दिवाली पर मिलावटखोरी व घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ दूसरे दिन भी अभियान जारी रहा। छह नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।