रायबरेली। ड्यूटी में लापरवाही और अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए एसपी रवि कुमार ने शनिवार को दो दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। यह सभी पुलिसकर्मी एक माह से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, चिह्नित छह पुलिसकर्मी लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। उन्हें फोन कर ड्यूटी जॉइन करने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद वे अनुपस्थित रहे। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने कार्रवाई करते हुए दरोगा शशांक पांडेय और कमलेश कुमार, मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव तथा आरक्षी बलवंत सिंह, आशुतोष सिंह और धर्मेद्र चौधरी को निलंबित कर दिया।
एसपी रवि कुमार ने बताया कि चिह्नित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाह पुलिसकर्मी चिह्नित किए जा रहे हैं
जिले का कार्यभार संभालने के बाद एसपी रवि कुमार द्वारा लगातार लापरवाह पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि ऐसे पुलिसकर्मी जो ड्यूटी में रुचि नहीं लेते और जनता के बीच उनकी छवि अच्छी नहीं है, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। इनमें थाना प्रभारी, दरोगा, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल हैं। हाल ही में जगतपुर और ऊंचाहार कोतवाली में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है, जबकि जल्द ही ट्रैफिक प्रभारी की भी नई तैनाती की जाएगी।