रायबरेली। क्रिकेट के युवा खिलाड़ियों का जमावड़ा लगने वाला है। चैलेंजर ट्रॉफी के लिए छह टीमों के बीच 27 जनवरी से मुकाबला होगा और 15 लीग मैच खेले जाएंगे। सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली टीमों के बीच 6 फरवरी को फाइनल मैच होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अंडर-19 की यूपी टीम में भी जाने का मौका मिलेगा।
रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) ने 4 जनवरी को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में जिले का अंडर-19 आयु वर्ग का क्रिकेट ट्रॉयल कराया था। चयन समिति ने खिलाड़ियों को चयनित कर लिया है। साथ ही क्रिकेट टूर्नामेंट कराने का निर्णय लिया है। चयन समिति की संस्तुति के आधार पर चयनित किए गए खिलाड़ियों की छह टीमें बनाई गई हैं। इनमें रेड, ब्लू, येलो, ग्रीन, पिंक, वाइट, ग्रीन शामिल हैं। इनके मैच 27 जनवरी से 5 फरवरी तक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम और एफजी पालीटेक्निक ग्राउंड में 15 लीग मैच खेले जाएंगे। फाइनल मैच 6 फरवरी को एफजी इंजीनियरिंग कॉलेज में होगा।
आरडीसीए के निदेशक एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मोहम्मद फहीम ने बताया कि जिले के अंडर-19 आयु वर्ग के ट्रॉयल में चयनित किए गए खिलाड़ियों की छह टीमें बनाई गई हैं जो चैलेंजर ट्रॉफी में हिस्सा लेंगी। इसमें सभी मैच लीग आधार पर खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम के खिलाड़ियों को पांच-पांच मैच खेलने को मिलेंगे। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का पूरा मौका मिलेगा। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर यूपी टीम में शामिल होने के लिए जा सकेंगे। उन्हें इस सत्र में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 की बनने वाली टीम के चयन में प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।