हरचंदपुर। किसान को जानमाल की धमकी देने और नलकूप पर तोड़फोड़ करने के छह आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर पुलिस धरपकड़ में जुटी है।
दरअसल, मोहम्मद मऊ मजरे कठवारा गांव निवासी आलोक प्रताप सिंह ने रविवार देर रात पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के कुछ लोग उनके नलकूप पर नहाने की बात कह रहे थे। मना करने पर चाचा विश्वनाथ प्रताप सिंह के साथ गालीगलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी।
नलकूप पर लगा हैलोजन व बिजली लाइन तोड़ दी। गांव के ही रहने वाले देवनरायन यादव की बाइक क्षतिग्रस्त करते हुए तखत तोड़ दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आबिद, नदीम, कलाम, लइक, अन्य व्यक्ति नाम पता अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी नदीम, लइक, नौशाद, आरिफ, रोबिन व फहीम को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। बवाल में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। घटना में शामिल किसी भी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा। घटना को देखते हुए अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।