रायबरेली। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में कांग्रेसियों और सपाइयों ने आंदोलन किया। सपाइयों ने मौन व्रत सत्याग्रह किया तो कांग्रेसियों ने उपवास रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। दोनों पार्र्टी के कार्यकर्ताओं ने बदहाल कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्या व बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाए। समस्याओं के लिए प्रदेश सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया।
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने गांधी-शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद तिलक भवन में तीन घंटे तक ‘किसान बचाओ दिवस’ के रूप में उपवास किया। यह कार्यक्रम शहर लेकर सभी ब्लॉकों में कराए गए। कांग्रेसियों ने कहा कि किसानों के लिए बनाए गए कानून से मंडी व्यवस्था खत्म हो जाएगी। व्यापारियों की मनमानी बढ़ेगी। किसानों को नुकसान होगा और उद्योगपतियों को फायदा मिलेगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, सईदुल हसन, राज कुमार दीक्षित आदि मौजूद रहे।
सपाइयों ने सुपर मार्केट में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव की अगुवाई में दो घंटे मौन व्रत सत्याग्रह किया। हाथरस की घटना, किसान विरोधी बिल, बढ़ते उत्पीड़न, बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। पूर्व विधायक रामलाल अकेला, अरशद खान, हाजी मो. इलियास, मुकेश रस्तोगी, ओपी यादव आदि मौजूद रहे।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत रखा।
सुशील पासी, कृपाशंकर शर्मा, दिनेश मिश्रा, प्रिंसू वैश्य, आदि कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश सरकार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक कांग्रेसियों ने अंबेडकर पार्क में उपवास रखा। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ हुई अभद्रता पर नाराजगी जताई। अशोक सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह, गजेंद्र, अजय प्रताप आदि मौजूद रहे। अमावां प्रतिनिधि के मुताबिक अभय सिंह की अगुवाई में कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा पर उपवास किया।
गणेश सिंह, धीरेंद्र सिंह, रमाकांत सिंह, हरि कुमार आदि मौजूद रहे। डीह प्रतिनिधि के मुताबिक शहीद चौक पर कांग्रेस नेता फूलचंद गुप्ता, मो. मोबीन, एसपी सिंह, संजय मिश्रा आदि ने उपवास किया। सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक पूर्व विधायक अशोक सिंह की अगुवाई में कांग्रेसियों ने शहीद स्मारक के सामने उपवास किया। संतोष जायसवाल, वीरेंद्र यादव, दिनेश तिवारी, विवेक सिंह आदि मौजूद रहे। बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक परिसर में कांग्रेसियों ने किसान मजदूर बचाओ दिवस मनाया। अमर सिंह चौधरी, अवधेश चौधरी, साहब शरण, दिनेश चौधरी आदि ने उपवास किया।
अमेठी जिले के कांग्रेसियों ने भी उपवास किया। बहादुरपुर विकास क्षेत्र के ओदारी चौराहे पर कांग्रेसी नेता मो. रऊफ की अगुवाई में दिलीप गुप्ता, विनोद मौर्य, त्रिभुवन भारती, अकबर अंसारी आदि ने उपवास किया। सिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में किसान मजदूर बचाओ दिवस मनाया गया। परमानंद मिश्र, मो. लतीफ, चौधरी वहाज अख्तर, राकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
वहीं विभिन्न संगठनों ने हाथरस की घटना को लेकर गुरुवार देर शाम अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कैंडल जलाई और श्रद्धांजलि दी। इसमें एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, बहुजन शक्ति संघर्ष वाहिनी, विश्व दलित परिषद, भारतीय बौद्ध उपासक महासभा, अंबेडकरनगर विकास समिति, युवा बीम सेना, भारतीय पासी सेना, महाऋषि स्वपंच सुदर्शन हेला विकास समिति, वीरांगना झलकारी बाई कल्याण विकास परिषद आदि के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में अशोक प्रियदर्शी, अनिल कांत, शिवनंदन, राजेश कुरील, रोहित चौधरी, नीरज रावत, आशाराम रावत, जेपी रावत, सर्वेश गौतम आदि मौजूद रहे।
रायबरेली में शुक्रवार को गांधी जयंती पर तिलक भवन में उपवास पर बैठे कांग्रेसी।- फोटो : RAIBARAILY