रायबरेली/ऊंचाहार। प्रयागराज से गोरखपुर के लिए शुक्रवार शाम फर्राटा भर रही वंदेभारत की रफ्तार उस समय थम गई, जब ऊंचाहार स्टेशन के निकट सिग्नल फेल हो गया। इससे यह ट्रेन काफी देर रुकी रही, जिसकी वजह से ट्रेन की लेटलतीफी बढ़ी और रायबरेली स्टेशन पर करीब आधे घंटे विलंब से पहुंची। वंदेभारत के रुक जाने से ऊंचाहार स्टेशन पर सभी अधिकारी सतर्क हो गए। खराबी दूर होने के बाद ट्रेन रवाना हुई तो राहत की सांस ली।
वंदेभारत एक्सप्रेस सुबह गोरखपुर से लखनऊ और रायबरेली होते हुए प्रयागराज जाती है। शाम को प्रयागराज से गोरखपुर लौटती है। प्रयागराज और रायबरेली के बीच वंदेभारत का कोई स्टॉपेज नहीं है। इसीलिए यह ट्रेन फर्राटा भरते हुए रास्ते के सभी स्टेशनों से पास होकर निकल जाती है, लेकिन शुक्रवार की शाम वंदेभारत को रुकना पड़ा। यह ट्रेन प्रयागराज से फर्राटा भरते हुए ऊंचाहार की तरफ बढ़ रही थी, तभी ऊंचाहार रेलवे स्टेशन के स्टार्टर सिग्नल में खराबी आ गई।
सिग्नल न मिलने से ट्रेन रुक गई। बाद में सिग्नल मिला तो ट्रेन रवाना की गई, जिससे यह गाड़ी रायबरेली स्टेशन पर करीब आधे घंटे विलंब से पहुंची। वरिष्ठ खंड अभियंता (संकेत) एसपी सिंह का कहना है कि सिग्नल में अचानक खराबी आई और कुछ ही समय में ठीक हो गई। ऊंचाहार के स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी का कहना है कि सिग्नल में दिक्कत आई थी, जिसकी वजह से कुछ देर के लिए वंदेभारत एक्सप्रेस रुकी थी।
आठ ट्रेनें नहीं आई, यात्रियों को परेशानी
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली आठ ट्रेनें शुक्रवार को नहीं आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। यह सभी ट्रेनें कानपुर रूट से होकर चलती हैं। कानपुर में गंगा पुल के रेलवे ट्रैक को सुधारने का काम चल रहा है, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के साथ एक जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द होने के कारण नहीं आई। चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस और आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस रूट डायवर्जन के कारण दूसरे रास्तों से चली, जिससे ये ट्रेनें भी नहीं आईं।
इसके अलावा दूसरे रूटों की कई ट्रेनों ने काफी इंतजार कराया। दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस सवा घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व बनारस-देहरादून जनता मेल पौन घंटे, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कानपुर में काम चल रहा है, जिससे कानपुर रूट की ट्रेनों का संचालन प्रभावित है।