राही-शिवगढ़ (रायबरेली)। अलग-अलग इलाकों में करंट की चपेट में आने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। भदोखर थाना क्षेत्र में टूटे तार की चपेट में आकर किशोर और शिवगढ़ क्षेत्र में टिनशेड में करंट उतरने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
भदोखर थाना क्षेत्र के महुआरी मजरे बेलाखारा गांव में टूटे पड़े तार की चपेट में आकर संतराम (17) पुत्र मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि तार बहुत ढीला था। कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ रामआशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अवर अभियंता यादुवेंद्र ने बताया कि घर में करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत होने की जानकारी हुई है।
यदि खेत में तार टूटकर गिरता तो फीडर से आपूर्ति होना संभव नहीं था। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
उधर, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के माधवखेड़ा गांव की रहने वाली रजिया (35) पुत्री अब्दुल खालिद टिनशेड में उतरे करंट की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर एलपी सोनकर ने उसे मृत घोषित कर दिया।