रायबरेली। सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक के मामले में रविवार को हरचंदपुर थाना प्रभारी आदर्श कुमार सिंह को हटा दिया गया। सांसद के दिल्ली जाने के तीन दिन बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कार्रवाई की है। अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह को हरचंदपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बीते 10 सितंबर को लखनऊ एयरपोर्ट से सांसद राहुल गांधी सड़क मार्ग होते हुए संसदीय क्षेत्र रायबरेली जा रहे थे। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गुलूपुर गांव के पास स्थित महावीर इंस्टीट्यूट के पास राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए थे। करीब 15 मिनट तक राहुल का काफिला हाईवे पर रुका रहा था। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद राहुल के काफिला को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया था।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक राहुल की सुरक्षा का मामला लखनऊ के साथ ही दिल्ली तक पहुंच गया था। यही वजह रही कि हरचंदपुर थाना प्रभारी को हटाकर उन्हें अपराध शाखा में तैनाती दी गई। एसपी का कहना है कि राहुल की सुरक्षा में लापरवाही समेत अन्य तमाम ऐसे कारण रहे, जिसके चलते थाना प्रभारी को हटा गया है।
बड़े स्तर पर हो सकती है कार्रवाई
राहुल की सुरक्षा में चूक और राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह के पुलिस-प्रशासन पर लगाए गए आरोपों का मामला गंभीर हो गया है। विभागीय सूत्रों का दावा है कि जल्द ही इस मामले में थाना प्रभारी के अलावा बड़े स्तर पर पुलिस अफसरों पर कार्रवाई हो सकती है। राज्यमंत्री ने समर्थकों संग सांसद राहुल का काफिला रोका था। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृहमंत्री भारत सरकार, प्रदेश के मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि पुलिस प्रशासन की तरफ से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। कहा जा रहा है कि राज्यमंत्री के आरोपों की जांच भी शुरू हो गई है।