रायबरेली। रुनीपुर गांव के पास गोवंश की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को सात पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तस्करों ने गोवंश की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की। बताया कि वह लोग सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा गोवंश को पकड़ने के बाद उन्हें मार कर मांस की बिक्री करते हैं। वह काफी समय से इस धंधे को कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक डॉ.यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए पशु तस्करों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
सलोन इलाके के पकसरावां और रूनीपुर गांव के बीच सोमवार सुबह एक गोवंश की हत्या हुई थी। घटना पर विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रचारक सुरेश सिंह समेत अन्य हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर हंगामा करते हुए पशु तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सुरेश सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ.यशवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में सलोन कस्बे के मियां साहब का फाटक निवासी गुलजार, पूर्वी मिल्कियाना निवासी मो.जाबिर, बड़ा घोसियाना मजरे ख्वाजापुर निवासी मो. अफसर, रोशन अली का पुरवा मजरे रसूलपुर निवासी आजाद फकीर, रसूलपुर निवासी रईश अहमद, सलोन कस्बा निवासी चांद मोहम्मद, छोटा घोसी का पुरवा मजरे आशिकाबाद निवासी शेर मोहम्मद को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त औजार व लोडर भी बरामद हुआ है। पकड़े गए सभी आरोपी पशु तस्कर हैं और उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक केस दर्ज हैं।