रायबरेली। जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। यह कार्रवाई आय प्रमाणपत्र निरस्त होने और केंद्र संचालन में मनमानी के आरोपों पर की गई है। हरचंदपुर क्षेत्र के दो केंद्रों से जुड़ी इन कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए गए है। पिछले साल की दोनों का चयन हुआ था।
वर्ष 2025 में हरचंदपुर के बरगदहा केंद्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नेहा सिंह ने कम आय का प्रमाणपत्र लगाकर चयन करवा लिया था। शिकायत मिलने के बाद सदर तहसील की टीम ने मामले की जांच की। जांच में उनका आय प्रमाणपत्र गलत पाया गया और उसे निरस्त कर दिया गया। इसी आधार पर नेहा सिंह की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं।
दूसरी कार्रवाई हरचंदपुर द्वितीय केंद्र की पूर्णिमा वैश्य के खिलाफ की गई है। पूर्णिमा पर केंद्र का संचालन ठीक से न करने का आरोप था। उनके अभिलेखों में ओवरराइटिंग भी पाई गई। इसके अतिरिक्त, उन पर स्टाफ को धमकाने का भी आरोप था। इन सभी अनियमितताओं के चलते उनकी सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हरचंदपुर द्वितीय और बरगदहा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त की गई हैं। बरगदहा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने पिछले साल चयन में कम आय का प्रमाणपत्र लगाया था। जांच के बाद उनका आय प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया। हरचंदपुर द्वितीय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद सेवा को समाप्त किया गया है।