रायबरेली। स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को हॉट-स्पॉट क्षेत्रों के 102 लोगों के सैंपल सील किए। इसमें शहर के हॉट स्पाट में तैनात छह सिपाही भी शामिल हैं। जिला अस्पताल, बछरावां और सलोन क्षेत्र में टीमों ने नमूने सील करके जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा है।
गत मंगलवार तक जिले में 785 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसमें 72 लोगों की दोबारा जांच कराई गई। अब तक आई रिपोर्ट में 513 जांच निगेटिव और 44 पॉजिटिव आ चुकी हैं। 156 नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। बुधवार को भी संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
सलोन में संक्रमित लोगों के संपर्क में आए करीब 30 लोगों के नमूने भरे गए। इसी तरह बछरावां में भी संक्रमितों के संपर्क में आए 23 लोगों के सैंपल भले गए। जिला अस्पताल में हॉट स्पाट क्षेत्रों में काम करने वाले छह सिपाही समेत 49 लोगों के सैंपल सील करके जांच के लिए एसजीपीजीआई भेजा गया है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को 102 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जो भी संदिग्ध प्रतीत होता है, उसका सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है।