फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: दोनों पाॅलियों में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करेंगे सेक्टर मजिस्ट्रेट

Fri, 13 Feb 2026 12:59 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
जीआईसी में बोर्ड परीक्षा की हुई बैठक में बोलते डीआईओएस।
विज्ञापन
रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की 18 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शहर के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर स्थित सभागार में हुई बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकोें को परीक्षा संबंधी दिशानिर्देश समझाए गए। परीक्षा के दौरान जिम्मेदारियों को कैसे निभाना है, इस बारे में प्रशिक्षण दिया गया। सभी जिम्मेदार अफसरों से कहा गया कि हर हाल में परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों का भ्रमण कर लें, ताकि कोई कमी हो तो व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा सकें।
विज्ञापन

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि सभी नामित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट आवंटित परीक्षा केंद्रों का समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करते हुए प्रभावी नियंत्रण रखेंगे। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहेंगे। परीक्षा अवधि में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं केंद्रों पर अवांछित भीड़ जुटने से रोकने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस दल के साथ परीक्षा केंद्र का नियमित दौरा करेंगे। परीक्षा केंद्रों से एक किमी की परिधि में फोटो कॉपियर्स एवं स्कैनर का संचालन बंद कराएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रत्येक दिन दोनों पालियों की परीक्षाओं में केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचेंगे।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ही सचल दलों को भी पुलिस बल मुहैया कराया जाएगा। परीक्षा के दौरान सभी थानों की पुलिस सतर्क रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के बारे में बताया। स्ट्रांग रूप में रखी डबल लॉक वाली आलमारियों की चॉबी किनके पास रहेगी और कैसे प्रयोग करना है, इस बारे में जानकारी दी। स्ट्रांग रूम में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी मोबाइल फोन नहीं ला जा सकेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, प्रधानाचार्य रत्नेश कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

इनसेट
यूपी बोर्ड में 69,661 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 69,661 है। इनमें हाईस्कूल के विद्यार्थी 38,026 हैं, जिसमें बालक 19,178 और बालिकाएं 18,848 शामिल हैं। इंटरमीडिएट में कुल विद्यार्थी 31,635 हैं, जिसमें बालक 15,721 एवं बालिकाएं 15,914 शामिल हैं। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसमें सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग कराई जाएगी।
इनसेट
परीक्षा केंद्र 107, जोन 9, सेक्टर 19 बनाए
जिले में यूपी बोर्ड के 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे एवं द्वितीय पाली दोपहर 2ः बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को नौ जोन एवं 19 सेक्टर में विभाजित करते हुए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र में स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ केंद्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें