तिलोई ब्लॉक क्षेत्र में प्रस्तावित स्थल के बजाय दूसरे गांव में बनाए जा रहे साधन सहकारी के गोदाम का निर्माण कार्य एसडीएम ने रोकवा दिया है। एसडीएम ने सख्त आदेश दिया है कि यदि बिना अनुमति के दोबारा काम शुरू कराया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नियमधर मजरे लोधवरिया गांव में साधन सहकारी समिति के गोदाम का निर्माण होना है। निर्माण कार्य वर्ष 2014 में शुरू कराया गया था, लेकिन निमधर गांव के बजाय रजनपुर गांव में गोदाम का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया था।
इस पर गांव निवासी ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी, जिस पर काम रोकवा दिया गया था, लेकिन 7 फरवरी को चोरी छिपे फिर काम शुरू करा दिया गया। इसकी जानकारी होने पर अमेठी के डीएम लोकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते तिलोई एसडीएम अशोक कुमार को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने मौके पर जाकर काम रोकवा दिया। साथ ही हिदायत दी कि दोबारा काम शुरू कराया तो कार्रवाई की जाएगी। उधर, सहायक निबंधक साधन सहकारी समिति अमेठी प्रेमचंद्र पटेल ने बताया कि गोदाम का निर्माण कार्य शुरू कराए जाने की जानकारी नहीं है।