जिले में गुरुवार को नामांकन पत्र वापसी के अंतिम दिन चार प्रत्याशियों ने अपना परचा वापस लेकर मैदान छोड़ दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी अखाड़े में 75 सूरमाओं के बीच 23 फरवरी को मुकाबला होगा। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किये गये। अंतिम दिन की नामांकन पत्र वापसी प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू कराई गई। पहले दिन बुधवार को नामांकन पत्र वापसी प्रक्रिया के बाद 79 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे थे।
अंतिम दिन हरचंदपुर विधान सभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी कन्हई लाल, ऊंचाहार विधान सभा सीट से सबका दल यूनाइटेड पार्टी के प्रत्याशी शशिभान, यहीं से बहुजन मुक्त पार्टी के मो. उजैर और सलोन विधान सभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी तुलसीराम ने परचा वापस ले लिया। इस तरह अब 75 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शत्रोहन वैश्य का कहना है कि सभी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुल 75 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिनको चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। 23 फरवरी को मतदान होगा।
रायबरेली जिले की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और सपा के बीच अंतिम दिन भी कोई बात नहीं बन पाई। नतीजतन चुनावी घमासान में यहां से सपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। ऊंचाहार विधान सभा सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. मनोज कुमार पांडेय और कांग्रेस प्रत्याशी अजय पाल सिंह चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह सरेनी विधान सभा सीट पर सपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह आमने-सामने हैं। हालांकि दोनों पार्टियों के नेता पहले ही कह चुके हैं कि जहां पर दोनों दलों के प्रत्याशी हैं, वहां पर फ्रेंडली फाइट करेंगे।