रायबरेली। दिवाली पर मिलावटखोरी और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए निकली खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम के साथ सरेनी में धक्कामुक्की की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) के साथ दुकान के संचालक ने अभद्रता की। पुलिस की मौजूदगी में करीब 598 लीटर सरसों का तेल जब्त कर सीज किया गया।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह, संजय तिवारी, महेंद्र यादव की टीम ने लालगंज तहसील क्षेत्र के सरेनी कस्बा स्थित हरिओम इंटरप्राइजेज में छापा मारा। गोदाम में प्लास्टिक के ड्रमों में रखा सरसों का तेल मानक के विपरीत होने पर टीम ने जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इससे नाराज दुकानदार व उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि दुकानदार ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्कामुक्की की।
सुरक्षा को देखते हुए टीम के सदस्यों ने सरेनी थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद टीम ने सरसों के तेल का नमूना लेने के साथ ही 598 लीटर सरसों का तेल जब्त कर सीज कर दिया। दुकान से टीम ने हल्दी का भी एक नमूना लिया। एफएसडीए की दूसरी टीम ने बछरावां में राजस्थान स्वीट्स से 50 किलो छेना नष्ट करने का दावा किया गया। छेने के साथ ही खोवा का नमूना भी इसी दुकान से लिया गया।
अभिहित अधिकारी सीआर प्रजापति का कहना है कि सरेनी में सरसों का तेल जब्त करने के दौरान दुकानदार ने टीम के सदस्यों के साथ धक्कामुक्की की। मामले में थाने में तहरीर दी गई है। दिवाली तक अभियान को जारी रखा जाएगा। सरेनी एसओ रमेश यादव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच शुरू करा दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।