सलोन तहसील क्षेत्र के रहने वाले एवं सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज के जीव विज्ञान प्रवक्ता मनोज कुमार मिश्रा का पीसीएस 2014 में चयन हुआ है। उनकी 31वीं रैंक आई और असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयन हुआ है।
मंगलवार की देर शाम मनोज के पीसीएस में चयन होने की जानकारी से परिवारीजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी ने मनोज का मुंह मीठा करके खुशी का इजहार किया।
उमरी गांव निवासी मनोज कुमार मिश्रा तीन साल से सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान प्रवक्ता पद पर तैनात हैं। उनके पिता आज्ञा प्रसाद मिश्रा इसी कॉलेज में प्रवक्ता थे, जो रिटायर्ड हो गए हैं।
मनोज ने बताया कि उनका चयन वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर हुआ है। पीसीएस में चयन होने से परिवारीजनों के अलावा दोस्त, रिश्तेदारों में खुशी है।
पिता का कहना है कि उम्मीद थी कि बेटा एक दिन जरूर कामयाब होगा। आज उसने वह करके दिखाया है। बेटे की इस कामयाबी से खुशी का ठिकाना नहीं। मनोज ने बताया कि एमएससी के बाद प्रवक्ता बना।
इसके बाद भी उसने पीसीएस की तैयारी नहीं छोड़ी थी। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बाद वह रोज छह घंटे पीसीएस की तैयारी करता था। खास बात यह है कि उसने तैयारी के लिए कोई कोचिंग नहीं की।
मां कमला देवी का कहना है कि कड़ी मेहनत की वजह से उसके बेटे का चयन हुआ है। बहनें उमा, रमा, रेनू, भाई विनोद, पंकज, राहुल ने भी मनोज के इस कामयाबी पर खुशी जताई है।