एसपी के मुताबिक आरोपी बउवा और सारिका की एक मार्च को शादी होने वाली थी। बउवा के अवैध संबंध दूसरी महिला से थे। इसके बावजूद सारिका व उसके परिवार वालों ने बउवा पर दबाव बनाकर शादी तय करा दी थी। वहीं सारिका नर्सिंग में एडमीशन कराने तथा स्कूटी खरीदकर दिलाने का बउवा पर दबाव बना रही थी।
इससे बउवा परेशान था। सारिका से शादी न करनी पड़े, इसके लिए बउवा ने उसके कत्ल की साजिश रची और घटना को अंजाम दे दिया। थानेदार के मुताबिक शहर के गायत्रीपुरम में बउवा के फूफा का निर्माणाधीन मकान है। वहीं पर वह सारिका को लेकर गया था। जहां उसने सारिका को नींद की गोली खिला दी।
नींद में आने के बाद उसे सल्फास खिलाया और फिर गला घोंटकर मार दिया। फिर बउवा व उसके ममेरे भाई रविंद्र कुमार उर्फ विवेक ने बाइक पर शव लादा और 17 किलोमीटर दूर ले जाकर सारिका के गांव के पास फेंककर भाग गए। एसपी का कहना है कि मुख्य आरोपी बउवा ने सारिका को डॉक्टर बनाने का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसाया था। शुरुआत में उस पर बहुत पैसा भी खर्च किया। सारिका भी बउवा का फायदा उठा रही थी। इधर, बउवा के दूसरी महिला से संबंध हो गए तो वह सारिका से दूरी बनाने लगा।
इसी वजह से उसने ये वारदात अंजाम दी। एसपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक, मृतका सारिका का मोबाइल फोन, नींद की गोली के रैपर व सल्फास की डिब्बी बरामद की गई हैं।