कार्यक्रम में बोलती सदर विधायक अदिति सिंह।
रायबरेली। संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती शहर में धूमधाम से मनाई गई। बहुजन शक्ति संघर्ष समिति और एससी, एसटी बेसिक टीचर वेलफेयर एसोसिएशन ने शहर के एक होटल में गोष्ठी आयोजित की। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी और सदर विधायक अदिति सिंह ने की।
नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संत गाडगे के स्वच्छता, शिक्षा और अंधविश्वास दूर करने के योगदान को सराहा। रंजना चौधरी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उनके संस्थान निर्माण की बात कही। अदिति सिंह ने संत गाडगे को संपूर्ण समाज का संत बताया। उन्होंने संत गाडगे प्रतिमा स्थल के जल्द सौंदर्यीकरण का आश्वासन भी दिया। शत्रुघ्न सोनकर ने नगर पालिका के किसी पार्क में संत गाडगे की मूर्ति स्थापित करने की घोषणा की। दिलीप चौधरी ने उनकी समतावादी विचारधारा को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
इस दौरान कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मेडिकल परीक्षा पास करने वाली स्वाति चौधरी और आनंद चौधरी शामिल थे। मिरांडा कॉलेज में चयनित दिव्यांशी जयंत को भी सम्मान मिला। निहारिका, कुशाग्रह, शिवानी आर्यन चौधरी सहित कई अन्य बच्चों को भी सराहा गया। संवाद