साईंपुर गांव के पास माइनर कटने से खेतों में भरा पानी।
- फोटो : साईंपुर गांव के पास माइनर कटने से खेतों में भरा पानी।
रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र में सोमवार रात साईंपुर माइनर कटने से 50 बीघा खेतों में पानी भर गया। इन खेतों में गेहूं की बोआई की गई थी। किसानों ने माइनर कटने की जानकारी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हेड से पानी बंद कर वापस लौट आए, जिस जगह पर कटान हुई थी, वहां तक पहुंचना पर भी उचित नहीं समझा। इससे किसानों में आक्रोश है।
साईंपुर माइनर में चार दिन पहले पानी छोड़ा गया। सोमवार की रात माइनर में अधिक पानी आ गया। इससे साईंपुर गांव के पास माइनर उफनाकर कट गई। आसपास खेतों में पानी भर गया। सुबह जब किसान खेत गए, पानी लबालब भरा मिला। किसान अर्जुन, रामू, भूपेंद्र, अमरेंद्र, जितेंद्र ने बताया कि माइनर की सिल्ट सफाई में केवल खानापूर्ति की गई। पटरियों की कभी मरम्मत नहीं कराई जाती। इससे हर साल फसल तबाह होती है। किसानों ने बताया कि खेत में पानी भरने से गेहूं की फसल खराब जाएगी। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता आजिम ने बताया कि जानकारी मिलने पर हेड से पानी बंद करवा दिया गया है। जल्द पटरी की मरम्मत कराई जाएगी।