रायबरेली में बुधवार को शहर में सड़कों और नालों का निरीक्षण के दौरान लोगों से समस्याओं की जानकारी
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने बुधवार को शहर की सड़कों और नालों की हकीकत परखी। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत कराने के नाम पर खानापूर्ति न की जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत हर हाल में करा दी जाए। इस दौरान विधायक ने नागरिकों से मुलाकात करके उनकी समस्याएं भी जानी।
सदर विधायक अदिति सिंह ने ईओ बालमुकुुंद मिश्रा के साथ डिग्री कॉलेज चौराहा, सिविल लाइंस चौराहा व कैपरगंज में अभी हाल में ही बनवाई गई सड़कों को देखा। अधिकारियों से सड़कों के निर्माण को लेकर पूछताछ की।
इस दौरान कई नालों में गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने इनकी साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जिन मोहल्लों की सड़कें खराब हैं, उन्हें चिह्नित कर लिया जाए।
वहां की सड़कों की भी मरम्मत करवा दी जाए। नालों की साफ-सफाई ठीक तरीके से कराई जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ईओ ने बताया कि सदर विधायक ने निरीक्षण के दौरान कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसका जल्द पालन करा दिया जाएगा।