रायबरेली में शुक्रवार को हरचंदपुर थाने में खड़ी विधायक की क्षतिग्रस्त गाड़ी की जांच करती फोरेंसिक टीम।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर 14 मई को हिंसा मामले की जांच करने शुक्रवार को फोरेंसिक टीम निगोहां स्थित टोल प्लाजा और हरचंदपुर पहुंची। टीम ने यह जानने की कोशिश की कि रायबरेली सदर विधायक की गाड़ी उस दिन हादसे का शिकार हुई थी या उन पर हमला हुआ था। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक कठवारा के आसपास और हरचंदपुर थाने में साक्ष्य खंगाले। घटनास्थल और गाड़ियों की फोटो के साथ ही फिंगर प्रिंट भी लिए। टीम ने आसपास के लोगों के बयान लिए और पुलिस अफसराें से भी बात की।
14 मई को सदर विधायक के साथ हुई घटना का मामला गर्मा गया है। इसी दिन जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अश्विास प्रस्ताव पर मतदान को रोकने के लिए लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर निगोहां में स्थित टोला प्लाजा के पास सदस्यों पर जानलेवा हमले से अफरातफरी मच गई थी। हरचंदपुर के कठवारा के पास लखनऊ की ओर से आ रहीं सदर विधायक अदिति सिंह और काफिले में शामिल गाड़ियां भी पलट गई थीं।
इस मामले को लेकर सदर विधायक ने कहा था कि उन पर हमले के चलते गाड़ियां पलटीं। शुक्रवार को फोरेंसिक लेबोरेटरी प्रयागराज के उप निदेशक बृजेश भारती व लखनऊ के उपनिदेशक एके झा की टीम यहां जांच की। जिले की फोरेंसिक टीम प्रभारी प्रतिभा त्रिपाठी भी मौके पर पहुंची। टीम ने हाईवे पर घटनस्थल की जांच की और हरचंदपुर थाने में विधायक की गाड़ियों के फोटो व फिंगर प्रिंट लिए।
टीम प्रभारी बृजेश भारती से बताया कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट अधिकारियों को दी जाएगी। वहीं जिला पंचायत सदस्यों को रोकने के दौरान गुंडागर्दी करने के मामले में हरचंदपुर पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस युवकों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी से इन्कार कर रही है। पुलिस का कहना है कि ये युवक घटना में शामिल होंगे तो इन्हें जेल भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फोरेंसिक लेबोरेटरी प्रयागराज व लखनऊ के उप निदेशकों की टीम जांच करने के लिए आई थी। हाईवे पर कठवारा व हरचंदपुर थाने में पहुंचकर टीम ने जांच की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। मुकदमे के अन्य आरोपियों की तलाश व पूछताछ जारी है।