सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-कानपुर राजमार्ग पर बुधवार शाम स्कूूली वैन को बचाने में एक रोडवेज बस खड्ड में जाकर पलट गई।
हादसे में 25 यात्री घायल हुए। इनमें से छह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर हादसे की जांच की।
बस पर करीब 60 यात्री सवार थे। यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य को भेजा गया। वहीं गनीमत रही कि स्कूली वैन पर सवार सभी 13 बच्चे बाल-बाल बच गए।
केलौली स्थित एसजेएस स्कूल की एक वैन बच्चों को सुल्तानपुर खेड़ा गांव छोड़ने जा रही थी। अटौरा स्थित सकलनारायण इंटर कॉलेज के पास जैसे ही वैन सुल्तानपुर खेड़ा मोड़ की ओर मुड़ने लगी, तभी सामने से आ रही विकास नगर डिपो की बस (यूपी 35 टी 7166) से वैन को हल्की टक्कर लग गई।
वैन को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर खड्ड में जाकर पलट गई। यह हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई। अटौरा चौकी पुलिस ने पहुंचकर बस पर सवार सभी मुसाफिरों को किसी तरह बाहर निकाला।
हादसे से बस पर सवार मुसाफिरों में अफरातफरी मच गई। बस पर सवार आकाश पटेल निवासी लालगंज अझारा प्रतापगढ़, राजू अहमद निवासी परशदेपुर रायबरेली, नीरू सिंह, नारेंद्र सिंह निवासी डीह रायबरेली, सत्य प्रकाश, आनंद निवासी प्रतापगढ़ को अधिक चोटें आईं। इन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहीं 19 यात्रियों को मामूली चोटें आईं थीं। उधर, वैन पर सवार बच्चे भी दहशत में रहे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित है। सीओ लालगंज महिपाल पाठक ने बताया कि वैन को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस अनियंत्रित होने के चक्कर में खड्ड पलटी।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। छह यात्रियाें को ज्यादा चोटें आईं थी, इस वजह से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बाकी सभी यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।