रायबरेली। जिले में गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण और रायबरेली-प्रयागराज हाईवे चौड़ीकरण के दौरान दम तोड़ चुकीं सड़कों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। ऐसे में 50 हजार लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। विभाग की ओर से निर्माण कराने वाले विभागों को कई बार पत्राचार किया गया। इसके बावजूद संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने 20 करोड़ रुपये की लागत से किसी सड़क काे तीन, तो किसी सड़क काे दो साल पहले बनवाया था। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण और रायबरेली-प्रयागराज हाईवे के चौड़ीकरण में मिट्टी भरे डंपरों ने इन सड़कों को ध्वस्त कर दिया है। सड़कों का डामर तक गायब हो गया है।
रायबरेली-प्रयागराज हाईवे से कुचरिया से अलावलपुर होते हुए डलमऊ-जगतपुर मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बड़े-बड़े गड्ढों में अक्सर दो पहिया और ई रिक्शा पलट जाते हैं।
उधर, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता नूर आलम ने बताया कि मिट्टी भरे ओवरलोड डंपराें की वजह से सड़कें खराब हुई हैं। संबंधित विभागों को सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए लिखापढ़ी की गई है, लेकिन अब तक सड़कों को ठीक नहीं कराया गया है।
ये सड़कें हैं बदहाल
डलमऊ-ऊंचाहार मार्ग से जगतपुर-डलमऊ को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग जर्जर है। इसी तरह दरीबा से कठगर मार्ग, रायबरेली-प्रयागराज हाईवे से बक्शी का पुरवा संपर्क मार्ग, कमालगंज से मानिकपुर वाया धरई मार्ग, दुर्गागंज से बिन्नवापुरी मार्ग, कठगर-रायबरेली मार्ग से करकसा संपर्क मार्ग, प्रयागराज हाईवे से ऊंचाहार-खरौली मार्ग, रायबरेली-लालगंज रोड से दौदपुर रामनगर संपर्क मार्ग, लक्ष्मीगंज-मिर्जापुर ऐहारी से रघुनाथपुर लेबादा मार्ग, रायबरेली-लालगंज रोड से मदूदपुर संपर्क मार्ग, अटौरा बुजुर्ग से सरेंजादपुर संपर्क मार्ग, पड़रियन चौराहा से बरगधिया संपर्क मार्ग, विश्वनाथगंज से पड़रियन संपर्क मार्ग, युसुफपुर से ठकुराईनखेड़ा संपर्क मार्ग, डलमऊ-लालगंज मार्ग से ऐहार वाया जोहवा संपर्क मार्ग व कुचरिया से अलावलपुर संपर्क मार्ग बदहाल है।