रायबरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के लिए केंद्रीय टीम जिले में पहुंच गई है। छह सदस्यों की टीम ने रविवार को सुबह से स्वच्छता सर्वे का कार्य शुरू किया। दो भागों में विभाजित होकर टीम के सदस्य मोहल्लों में पहुंचे। सदस्यों ने कई घरों की घंटी बजाई और लोगों से स्वच्छता के संबंध में फीडबैक लिया, उनसे कई सवाल किए। नागरिकों से मिले विवरण को साॅफ्टवेयर में दर्ज किया। एक तरफ जहां टीम सर्वे कर रही थी, तो दूसरी तरफ पालिका के अधिकारी-कर्मचारी गंदगी वाले वार्डों में सफाई कराने में जुटे थे।
दिल्ली से पहुंचे अजय कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यों की टीम ने सुबह 11 बजे से सर्वे का कार्य शुरू किया। वार्ड नंबर एक के मोहल्ले चतुभुर्जपुर, बालापुर में टीम के सदस्यों ने घरों की घंटी बजाकर लोगों की प्रतिक्रिया जानी। मौके पर ही मोबाइल पर एप के माध्यम से लोगों से प्राप्त प्रतिक्रिया को अपलोड किया। टीम ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरा ढोने वाले वाहनों, नियमित सफाई होने के बारे में जाना। लोगों से पूछा कि साफ-सफाई के लिए पालिकाकर्मी किस तरह से प्रबंध करते हैं। कुछ जगहों पर कूड़ा उठाने की बात बताई तो कुछ जगहों पर सफाई व्यवस्था के चौपट होने की बात कही।
वार्ड नंबर 27 के कैनाल रोड, इंदिरा नगर, जैतूपुर और वार्ड नंबर चार के अहियारायपुर मोहल्ले में भी टीम ने स्वच्छता के बारे में जानकारी ली। टीम ने नागरिकों से स्वच्छता पर 10 में से नंबर देने के लिए कहा। किसी ने पांच तो किसी ने सात तो किसी पूरे 10 नंबर दिए।
नौ नगर पंचायतों में भी जाएगी टीम
सबसे पहले केंद्रीय टीम शहर क्षेत्र के 34 वार्डों में स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य कर रही है। इसके बाद नगर पंचायत शिवगढ़, बछरावां, परशदेपुर, ऊंचाहार, सलोन, नसीराबाद, डलमऊ, लालगंज, महराजगंज में स्वच्छता की हकीकत जानने के लिए टीम जाएगी। नगर पालिका परिषद रायबरेली में सर्वे का कार्य सोमवार तक पूरा कर लिया जाएगा। टीम 31 मार्च तक स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य करने के बाद वापस दिल्ली लौट जाएगी।
घर बैठे भी दे सकते हैं प्रतिक्रिया
नागरिक घर बैठे भी स्वच्छता संबंधी अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन की अर्बन वेबसाइट को लॉगइन कर सकते हैं। यहां स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 सिटीजन फीडबैक के लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। यहां पहले अपना मोबाइल नंबर लिखें और लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके तहत स्वच्छता से संबंधित 10 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका जवाब देना होगा। इन प्रश्नों के जवाब देने के बाद शुरुआत में जो ओटीपी मोबाइल पर आया होगा, उसको यहां भरें और फिर नीचे सबमिट के लिंक पर क्लिक करें।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के लिए केंद्रीय टीम जिले में पहुंच गई है। एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में जाकर टीम स्वच्छता की हकीकत जानेगी। इसके बाद स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग जारी होगी।
- मो. आरिफ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन