रायबरेली। थानों और कोतवाली में होने वाले समाधान दिवस में सुनवाई न होने से लोगों का मोह भंग हो रहा है। गदागंज में पिछली बार की तरह इस बार भी राजस्व के जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे। इससे फरियादियों को लौटना पड़ा। शहर कोतवाली में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने समस्याएं सुनीं। डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
गदागंज थाने में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। छह लोग फरियाद लेकर आए, लेकिन राजस्व विभाग का सक्षम अधिकारी नहीं आने से केवल एक शिकायत का निस्तारण हो पाया। जगतपुर थाने में सात शिकायतें आईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हो पाया। शिवगंज मजरे उड़वा निवासी पुष्पा देवी ने सहन की भूमि पर कब्जा की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि करीब 24 बार शिकायत कर चुकी हूं, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम विवेक राजपूत ने लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित की। सलोन में आठ लोग फरियाद लेकर पहुंचे। इसमें तीन शिकायतों का निस्तारण हो पाया। एसडीएम मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी बालेंदु कुमार गौतम मौजूद रहे। शिवगढ़ में 14 शिकायतों में दो का निस्तारण हुआ। खीरों थाने में 11 लोग शिकायत लेकर आए। इसमें एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो पाया। इंचार्ज प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर सिंह ने बताया कि सभी शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं।
ऊंचाहार कोतवाली में आयोजित समाधान में भिखनापुर गांव के बुजुर्ग मातफेर भूमि पर पत्थरगढ़ी नहीं होने की शिकायत लेकर पहुंचे। एक दशक से उन्हें आश्वासन दिया जा रहा है। मोहम्मदपुर चंदऊ मजरे जब्बारीपुर गांव निवासी ऊषा देवी ने रास्ते के विवाद की शिकायत की। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि मामले का समाधान कराया जाएगा।
भूमि विवाद का नहीं हुआ निपटारा
रायबरेली। जगतपुर के टांघन गांव में शनिवार को जमीन कब्जेदारी का विवाद गहरा गया। कई महिलाओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। ऊषा देवी समेत महिलाओं ने गाटा संख्या 574 अ की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया। विरोध पर अभद्रता व धमकी देने का भी आरोप है। दूसरे पक्ष के कृष्ण कुमार ने राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाउंड्रीवॉल बनाते समय विपक्षी ने उसे तोड़ दिया। शनिवार को समाधान दिवस में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई पर कोई निर्णय नहीं हुआ। उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत ने निष्पक्ष जांच के लिए लेखपाल व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए।