रायबरेली-खीरों। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को रिटायर्ड शिक्षक की कोरोना से लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस के पति व जिला क्षयरोग अधिकारी की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमित 30 लोग पाए गए हैं। सभी को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खीरों थाना क्षेत्र के सहजनबारी मजरे धुराई के रहने वाले 63 वर्षीय शिक्षक लखनऊ के एक इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे। वे लखनऊ में ही रहते थे। कभी-कभी गांव आया करते थे। बीमार होने के बाद उन्हें लखनऊ के कई अस्पतालों में इलाज के बाद लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर शुक्रवार की रात ट्रॉमा सेंटर भेजा गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिला महिला अस्पताल की सीएमएस के पति और जिला क्षय रोग अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शनिवार को उनकी दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। सीडीपीओ कार्यालय लालगंज में महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संक्रमित मिली है। छोटी बाजार में चार और इंदिरा नगर में दो लोग संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा केवलपुर इटौरा बुजुर्ग, महरानीगंज, भदोखर, सीएचसी सरेनी, विकास नगर, पडरी गनेशपुर, गोराबाजार, मटिहा, फिरोज गांधी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जनई गांव का युवक कोरोना संक्रमित मिला है। ब्लॉक कोरोना प्रभारी कमल श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज के संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जगतपुर प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी में 25 लोगों की जांच में इटौरा बुजुर्ग की एक महिला भी संक्रमित मिली है। सीएचसी के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. सुफैल ने बताया कि मरीज को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।