ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार-सलोन मार्ग स्थित उमरन बाजार में बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे रिटायर्ड रेलकर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां रिटायर्ड रेलकर्मी को मृत घोषित कर दिया गया। बाइक सवार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शनिवार दोपहर क्षेत्र के पूरे कन्हैया मजरे रायपुर निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी लालता प्रसाद (62) दवा लेने उमरन बाजार गए थे। सड़क पार करते समय बाइक सवार जितेंद्र सिंह (28) निवासी पूरे चंदी सिंह मजरे रसूलपुर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने लालता प्रसाद को मृत घोषित कर दिया।
घायल बाइक सवार जितेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रिटायर्ड रेलकर्मी के परिवारीजनों को मौत की सूचना मिलते ही उनमें कोहराम मच गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल दो लोग सीएचसी आए थे जिनमें एक बुजुर्ग को मृत अवस्था में लाया गया था। युवक को जिला अस्पताल भेजा गया है।