महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के अछई गांव में पुश्तैनी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास बनाने पर महिला से 15 हजार रुपये की वसूली करने के मामले में लेखपाल के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। इससे तहसील में हड़कंप मच गया है।
महराजगंज क्षेत्र के नेवाजीपुर मजरे अछई की चंद्रकला पत्नी श्रीचंद्र का आरोप है कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले आवास का निर्माण पुश्तैनी मकान को गिराकर खाली हुई जमीन पर करा रही थी। एडीएम (प्रशासन) को दिए शिकायती पत्र के जरिये महिला ने कहा है कि गांव के ही कुछ लोगों ने इसकी शिकायत कर दी जिसके बाद लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। लेखपाल पर 15 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया।
एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विनय मिश्रा को जांच कराने के आदेश दिए हैं। लेखपाल लोकेश सिंह का कहना है कि महिला के आवास का निर्माण उसकी अपनी ही जमीन पर हो रहा है। महिला से रुपये नहीं मांगे गए। आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है।