समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनते डीएम, एसपी।
रायबरेली। भदोखर थाना परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने लोगों की फरियाद सुनी। उनके सामने अवैध कब्जे, मारपीट, आपसी रंजिश, महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें आईं।
डीएम हर्षिता माथुर ने कहा कि थाना समाधान दिवस में जमीन विवादों की शिकायतों को सूचीबद्ध किया जाए। राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं, जिससे फरियादियों को इधर-उधर भटकना न पड़े। डीएम ने थाना दिवस और भूमि विवाद रजिस्टर को भी देखा। कहा कि रजिस्टर में दर्ज विवादों को जल्द निस्तारित करें।
गदागंज थाना परिसर में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी व कानूनगो शिव प्रकाश त्रिवेदी की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सरांय हरदो के काजीलाल पटवा ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि भूमिधरी पर गांव के लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मौके पर दरोगा मुकरिम खान, वीरेंद्र यादव, अजय पटेल व अरविंद कुमार उपस्थित रहे।