रायबरेली। विधि विश्लेषक प्रयोगशाला की जांच में बोतलबंद क्लियरटेक मिनरल वॉटर का नमूना भी पास नहीं हो सका। पानी में पोषक तत्व बेहद कम मिलने के कारण नमूने को अधोमानक घोषित कर दिया गया।
पानी में टोटल डिजाल्व्ड साॅलिड्स (टीडीएस) के साथ ही कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा बेहद कम मिली हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद जेएस एक्वा के संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
बीती 23 मई को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने राही ब्लॉक क्षेत्र के कसेहटी में संचालित जेएस एक्वा का निरीक्षण कर बोतलबंद क्लियरटेक ब्रांड पानी का नमूना भरा था। प्रयोगशाला में हुई जांच में पानी में मैग्नीशियम एवं कैल्शियम के साथ ही टीडीएस की मात्रा मानक से बेहद कम मिली है। रिपोर्ट आने के बाद एडीएम प्रशासन के कोर्ट में मुकदमे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि क्लियरटेक ब्रांड पानी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। नमूने के अवमानक मिलने के बाद कारोबारी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।