रायबरेली। गणतंत्र दिवस पर जिला तिरंगामय हो गया। शनिवार को ही सरकारी, गैर सरकारी भवन और बाजार बिजली की झालरों से जगमगा उठे। रविवार को सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थाओं समेत विभिन्न स्थानों पर शान से तिरंगा फहराया जाएगा। पुलिस लाइंस में परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
गणतंत्र दिवस पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी और फिर सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय में ध्वज फहराया जाएगा। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि तहसील, ब्लॉक, स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस मौके पर विद्यालयों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और परेड निकाली जाएगी।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई की मौजूदगी में पुलिस लाइंस में परेड होगी और ध्वजारोहण किया जाएगा। इसमें सभी सीओ, थानेदार समेत अन्य पुलिस कर्मी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उधर, शनिवार को सुपर मार्केट, रामकृपाल तिराहा, घंटाघर चौराहा, कैपरगंज, डिग्री कॉलेज चौराहा आदि स्थानों पर लगी दुकानों पर लोगों ने तिरंगा व टोपियां आदि खरीदीं। वहीं देर शाम बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सरकारी व निजी भवन जगमगा उठे। हर तरफ गणतंत्र दिवस का उल्लास दिखा।