जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के उड़वा गांव की सड़क का चलता मरम्मत का कार्य।
रायबरेली। जगतपुर ब्लॉक के उड़वा गांव को जाने वाले क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद प्रारंभ हुआ है। शनिवार तक करीब दो किलोमीटर सड़क दुरुस्त की गई, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
उड़वा गांव का ऐतिहासिक महत्व है। यह 1857 की क्रांति के महानायक वीर सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जन्मस्थली है। इस संपर्क मार्ग को गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे भारी वाहनों और डंपरों की आवाजाही ने जर्जर कर दिया था। सड़क खराब होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना ने 29 मई को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सड़क मरम्मत की मांग की थी। जिलाधिकारी ने शिकायत का संज्ञान लिया और संबंधित विभागों को 10 दिनों के भीतर मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के अनुपालन में यूपीडा और सेम इंडिया ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग दो किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।