रायबरेली। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को विजयादशमी धूमधाम से मनाई जाएगी। बुधवार देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली गईं। जिले में इस बार 56 स्थानों पर रावण दहन होगा। 40 फीट ऊंचाई तक रावण के पुतले बनाए गए हैं। कलाकारों की ओर से अभ्यास किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को रावण दहन के साथ ही इन स्थानों पर मेला भी लगेगा।
सुरजूपुर रामलीला समिति के पदाधिकारियों की ओर से इस बार खास तैयारी की गई है। रावण बनाने में एक लाख रुपये खर्च किए गए हैं। लाइटिंग के साथ आतिशबाजी पर रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पर 30 फीट का रावण का पुतला तैयार किया गया है।
अक्षत पांडेय राम, आर्यन पाठक लक्ष्मण, आलोक द्विवेदी रावण और आदित्य सावंत सीता की भूमिका निभाएंगे। रामलीला समिति खालीसहाट की ओर से 40 फीट का रावण का पुतला तैयार किया गया है। रावण दहन पर एक लाख रुपये खर्च होंगे। नगर पालिका परिषद रायबरेली की ओर से रावण दहन स्थल की सफाई कराई जा रही है।
ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल की सफाई कराई जा रही है। पेयजल की व्यवस्था के लिए टैंकरों की व्यवस्था रहेगी। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। उधर, डीह और शिवगढ़ रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अमेठी के लोग भी देखने आते हैं पुतला दहन
नसीराबाद। नगर पंचायत नसीराबाद के रामलीला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम होगा। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे होने वाले ऐतिहासिक मंचन को देखने के लिए आसपास के अलावा अमेठी जिले के लोग आएंगे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी रावण दहन का आयोजन पूरे उत्साह और धूमधाम से किया जा रहा है। रामलीला के मंचन से लोगों को धर्म और सत्य की विजय का संदेश दिया जाएगा।
थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि मेले और रावण दहन कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है। चेयरमैन मो. अली ने बताया कि मेला परिसर में सफाई के साथ ही पेयजल की व्यवस्था कराई गई है। रामलीला मैदान में सजावट और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है।
ड्रोन से रखी जाएगी अराजकतत्वों पर नजर : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में 56 स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम होगा। इसके मद्देनजर सभी स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन के जरिये अराजकतत्वों पर नजर रखी जाएगी। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।