रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर स्थित सोमू ढाबा में बुधवार रात कहासुनी के बाद ढाबे के मालिक व स्टाफ ने राइसमिल मालिक के बेटे व डी. फार्मा के छात्र को लाठी-डंडे व सरिया से पीट-पीटकर मार डाला।
युवक को गंभीर हालत में रात में ही जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर सीओ महराजगंज विनीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हरचंदपुर थाने में सोमू ढाबा के मालिक सुरेश यादव व उनके स्टाफ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी व राइसमिल मालिक प्रदीप सिंह का बेटा आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि सिंह शहर के जानकीपुरम मोहल्ले में बुआ के घर में रहता था।
यहीं रहकर वह आधारशिला कॉलेज अटौरा में डी. फार्मा कर रहा था। वह बुधवार रात अपने दोस्तों मनीष सिंह, सौरभ सिंह और अजय सिंह के साथ रतापुर में सोमू ढाबा खाना खाने गया था। किसी बात को लेकर उनका होटल स्टाफ से झगड़ा हो गया।
आरोप है कि होटल मालिक सुरेश यादव व होटल के स्टाफ ने आदित्य की पिटाई कर दी। किसी तरह छूटकर वह अपने दोस्त मनीष की बुलेट लेकर अपने गांव सिकंदरपुर की ओर भागा।
होटल मालिक व स्टाफ ने कार से उसका पीछा किया और महराजगंज मार्ग पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी खास गांव के पास उसे पकड़कर लाठी-डंडो पर सरिया से पीट-पीटकर मार डाला।
सूचना पर पिता प्रदीप व घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृृत घोषित कर दिया गया। सीओ महराजगंज विनीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पिता प्रदीप सिंह की तहरीर पर सोमू ढाबा के मालिक सुरेश यादव व होटल के स्टाफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि सोमू ढाबे के संचालक ने युवक की ढाबे के अंदर ही पिटाई करने के बाद सीसीटीवी फुटेज तक को डिलीट कराने का प्रयास किया है।
आरोप है कि साक्ष्यों को छुपाने के लिए संचालक ने फुटेज डिलीट करा दिए हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ महराजगंज विनीत सिंह ने कहा कि सोमू ढाबे के मालिक व उसके स्टाफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मामले की जांच शुरू करा दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। संचालक ने फोन बंद कर रखा है। उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। शव का पीएम करवा दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।