रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय एकौनी में तैनात शिक्षामित्र की गुरुवार दोपहर अचानक तबियत खराब हो गई। उसे सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताते हैं शिक्षामित्र बीएलओ का काम पूरा करके अभिलेख जमा करने के लिए तहसील गया था। वापस लौटते ही वह बीमार हो गया था।
खीरों ब्लॉक के कोडरा मजरे एकौनी निवासी शीतल प्रसाद (45) वर्ष 2006 में प्राथमिक विद्यालय एकौनी में शिक्षामित्र के पद पर नियुक्त थे। उसे ग्राम पंचायत एकौनी के बीएलओ का भी कार्य सौंपा गया था। वह गुरुवार को सुबह बीएलओ से संबंधित अभिलेख जमा करने तहसील लालगंज गया था। वहां से वापस आने के बाद विद्यालय पहुंचते ही उसकी हालत खराब हो गई।
अचानक उनके सीने में तेज दर्द के बाद उसे सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। असमय मौत से मृतक के पिता मेडीलाल, मां सुंदारा, पत्नी प्रेमा देवी, पुत्र अतुल, अंकुर, बेटी पूजा, पूनम, अनन्या, रागिनी, भाई चंदिका प्रसाद, दशरथ और रजोल सहित परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। शिक्षक नेता श्याम शरण यादव, दीपक कनौजिया, अनूप यादव, श्याम कुमार, रविकुमार आदि ने शोक जताया है।