महराजगंज क्षेत्र में बारिश के बाद धान की रोपाई करती महिलाएं।
रायबरेली। लंबे इंतजार के बाद बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई बारिश ने गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिला दी। रातभर और शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। पिछले कई दिनों से करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया।
इस बार मानसून की देरी के कारण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था। बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों नया पुरवा, सोनिया नगर, इंदिरा नगर और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या देखने को मिली। जगह-जगह पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून आ गया है। चार दिन तक मध्यम और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक बारिश से किसान खुश हैं। किसान रामनरेश यादव, उमेश यादव, रमेश कुमार, उमाशंकर यादव और सतीश यादव ने बताया कि तेज धूप और गर्मी के कारण किसान धान की रोपाई शुरू नहीं कर पा रहे थे। बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, जिससे अब सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि बारिश धान की रोपाई के लिए अच्छी है। किसान धान की रोपाई कार्य अब तेजी से करें।
नई बाजार मेें निर्माणाधीन नाला ढहा
सलोन। नगर पंचायत का निर्माणाधीन कवर्ड नाला बारिश में धराशायी हो गया। इस पर नागरिकों ने सवाल उठाए हैं। नई बाजार मोहल्ले में लाखों रुपये की लागत से नाला बनाया जा रहा है। तेज बारिश से नाला भरभराकर ढह गया। इससे नाला निर्माण में बरती जा रही अनियमितता की पोल खुल गई। नागरिकों का दावा है कि सब्जी मंडी स्थित कल्लन किराना से सभासद शरीफ गद्दी के मकान तक बनाए गए नाला निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। इसकी जांच कराई जाए।