रायबरेली। जिले में रिमझिम बारिश के चलते शुक्रवार को करीब 400 गांवों की बिजली दिनभर गुल रही। वहीं, शहर में ट्रिपिंग से लोग परेशान रहे। धनतेरस और दिवाली पर निर्बाध आपूर्ति के लिए अक्तूबर में अनुरक्षण कार्य कराए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कठगर, सलोन और छतोह उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में शाम को आपूर्ति बहाल हो सकी।
शहर के इंदिरा नगर, गोराबाजार और आईटीआई उपकेंद्रों से जुड़े मोहल्लों में बिजली की आवाजाही लगी रही। आचार्य द्विवेदी नगर के रामप्रकाश, आईटीआई के शिवकुमार और बालापुर के अर्जुन तिवारी ने बताया कि बार-बार ट्रिपिंग से उपकरण खराब होने का डर बना रहा।
उधर, ग्रामीण क्षेत्र के तीनों उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट से सुबह पांच बजे आपूर्ति ठप हो गई। छतोह में दोपहर 12 बजे बिजली आई, लेकिन कुछ देर बाद फिर बंद हो गई। करीब 13 घंटे बाद शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हुई। अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। सभी जगह बिजली बहाल करा दी गई है।