रायबरेली। त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इनसे लुधियाना, गया, सहारनपुर और वाराणसी रूट पर यात्रा करने वालों को राहत मिलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि दोनों ट्रेनें रायबरेली स्टेशन से होकर गुजरेंगी।
लुधियाना-गया स्पेशल 12 नवंबर को चलेगी
लुधियाना से 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन धंधारी कलां, सानेहवाल, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आलम नगर और उतरेटिया होते हुए रात 9:14 बजे रायबरेली पहुंचेगी। दो मिनट ठहराव के बाद प्रतापगढ़, वाराणसी, डीडीयू जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम और डेहरी ऑन सोन होते हुए अगले दिन सुबह आठ बजे गया पहुंचेगी। वापसी में गया से 13 नवंबर को सुबह 11 बजे रवाना होकर निर्धारित मार्ग से रात 12:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी। रायबरेली में इसका समय शाम 7:43 बजे है। ट्रेन में सामान्य, एसी और स्लीपर श्रेणी के 19 कोच होंगे।
सहारनपुर-वाराणसी स्पेशल 30 अक्तूबर से
सहारनपुर से 30 अक्तूबर को दोपहर दो बजे रवाना होने वाली ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और आलम नगर होते हुए रात 1:43 बजे रायबरेली पहुंचेगी। दो मिनट ठहराव के बाद प्रतापगढ़ और जंघई होते हुए सुबह सात बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में वाराणसी से दो नवंबर को दोपहर दो बजे रवाना होकर रात 7:08 बजे रायबरेली आएगी और अगले दिन सुबह सात बजे सहारनपुर पहुंचेगी। इसमें सामान्य और एसएलआर सहित 17 कोच होंगे।