रायबरेली। सावन मास में कांवड़ यात्रा के मार्गों पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एक-एक करके खाद्य पदार्थों के 15 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। 16 से अधिक दुकानदारों को सुधार नोटिस दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ने लालगंज क्षेत्र में दुकानों में छापा मारा। अमित डेयरी व मिष्ठान भंडार व जय मां ईश्वरी इंटरप्राइजेज से घी का नमूना लिया। कई और दुकानों से नमूने भरे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरभ उत्तम ने संदी नागिन में आरबी डेयरी, शहर में सौरभ स्वीट्स निर्माण स्थल, गुरुबख्शगंज में गुप्ता होटल, हरचंदपुर में गायत्री बेकरी से घी का एक-एक नमूना भरा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय त्रिपाठी, शेफाली रस्तोगी, कंचनलता तिवारी, सत्येंद्र यादव आदि ने भी सलोन, ऊंचाहार, सदर, महराजगंज, बछरावां आदि क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों के सर्विलांस नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। निरीक्षण के दौरान दुकानों में गंदगी व अन्य कमियां मिलने पर प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस देकर सुधार के आदेश दिए। अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि पूरे सावन माह में अभियान को जारी रखा जाएगा। दुकानदारों को शुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं।