जायस केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी जिले के जायस कस्बे में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में कहा कि सत्ता की लालच में राहुल गांधी अब पाकिस्तान का साथ देने को तैयार हो गए हैं। राहुल प्रधानमंत्री मोदी पर बेवजह के कटाक्ष करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का वनवास 14 साल में खत्म हो गया, लेकिन अमेठी की जनता का वनवास 15वें साल खत्म होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश घूमने वाली में अब गंगा मइया की लालसा जाग गई है।
उन्होंने कहा कि डीह ब्लॉक के जगदीशपुर गांव को सांसद राहुल गांधी ने गोद लिया था। वहीं के प्रधान जितेंद्र यादव आज भाजपा में शामिल हुए। मैंने पूछा कि आप क्यों भाजपा में शामिल होना चाहते हों तो उन्होंने कहा कि दीदी भाजपा सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम करती हैं, और हमारे सांसद ने अब तक ग्राम सभा में 16 रुपये का काम नहीं किया।
कहा कि सत्ता की लालच में जो मुस्लिम लीग का सहारा लें, वह देश का विकास नहीं विनाश करेगा। स्मृति ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री रहे स्व. मनोहर पर्रिकर ने गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के बरौलिया गांव को गोद लिया था।
गांव में उन्होंने 16 करोड़ रुपये का काम कराया। कहा कि नवरात्र की शुरुआत में बूढ़न माई के दर्शन करते हैं, लेकिन राहुल गांधी ने 16 साल में एक बार भी बूढ़न माई के दर्शन नहीं किए।
राज्यमंत्री बाबूराम निषाद ने कहा कि कांग्रेस ने अमेठी की जनता को गुमराह किया है। कहा कि मायावती व अखिलेश यादव ने पिछड़ों और दलितों का वोट लेकर उनका विकास नहीं किया है। सम्मेलन में राज्य मंत्री सुरेश पासी एवं अमेठी जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
तिलोई विधायक के घर पहुंचीं ईरानी, न मिलने पर लौटीं
तिलोई। कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को अमेठी से भाजपा विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह से मिलने उनके घर पहुंचीं, लेकिन वह घर पर नहीं मिले। सुबह करीब 10.30 बजे मंत्री विधायक के तिलोई स्थित आवास पर लाव-लश्कर के साथ पहुंचीं, लेकिन वहां बताया गया कि विधायक बाहर गए हुए हैं।
इस पर वह लौट गईं। इस संबंध में विधायक से बात नहीं हो सकी। उधर, तिलोई राजमहल के मैनेजर दया शंकर तिवारी ने बताया कि विधायक किसी धार्मिक स्थल के दर्शन करने के लिए बाहर गए हुए हैं। कब लौटेंगे, पता नहीं।