जायस-सलोन (रायबरेली)। महिला एवं बाल विकास व टेक्सटाइल मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला। सांसद राहुल गांधी-प्रियंका वाड्रा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि राहुल-प्रियंका पहले सम्राट साइकिल फैक्टरी की जमीन किसानों को वापस करें, फिर किसान हित की बात करें।
राजनीतिक लाभ के लिए राहुल कृषि कानून बिल पर भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने यह बातें अमेठी जिले के बहादुरपुर विकास क्षेत्र स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान में मेधावी छात्र-छात्राओं को मोबाइल का वितरण करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।
कृषि कानूनों पर राहुल गांधी भ्रम फैला रहे हैं। देश के कृषि मंत्री ने कहा है कि अगर राहुल गांधी किसानों के हित में बात करना चाहते हैं तो उनके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं, लेकिन वह राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस शासन काल में कृषि क्षेत्र में राहुल की अध्यक्षता में नए कृषि कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव बना था।
बावजूद इसके वह अपनी ही कही हुई बातों को सार्वजनिक तौर पर झुठला रहे हैं। नीति आयोग ने मुख्यमंत्रियों के सुझावों को सम्मिलित कर केंद्र सरकार को सुझाव दिए थे। जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि मैं आज उस क्षेत्र से आप को संबोधित कर रही हूं, जहां पर वर्षों गांधी परिवार का राज रहा। यहां के तीन लाख किसानों को किसान सम्मान निधि तब मिली तब मोदी जी पीएम बने। अब यहां कृषि विज्ञान केंद्र स्वॉयल टेस्टिंग सेंटर भी खुल रहा है। जो अपने संसदीय क्षेत्र में किसानों का विकास नहीं कार्य न कर पाए वह किसानों के हित की बात कर रहे हैं।
उधर, सलोन ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोपालपुर-अनंतपुर में तीन ब्लॉकों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण के दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल-प्रियंका सम्राट साइकिल की जमीन किसानों को वापस कर दें तो उनका जनता पर बड़ा एहसान होगा। अमेठी में मेडिकल कॉलेज और सैनिक स्कूल के लिए बजट में धन प्रस्तावित किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।