रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में मालिन का पुरवा गांव के पास महराजगंज ड्रेन की रेलिंग को तोड़ते हुए बोलेरो नीचे जा गिरी। इसमें आठ लोग सवार थे, जिसमें से चार लोगों की मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात लगभग 3:00 बजे की है। यह सभी लोग अमेठी जिले में बारात में शामिल होने के बाद लालगंज लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आ गई तभी यह हादसा हो गया। मरने वालों में पंकज पाल पुत्र राजाराम पाल (30) निवासी लालगंज, राघवेंद्र यादव (50) पुत्र रामखेलावन निवासी लालगंज, दीपक पाल (28) पुत्र पवन कुमार निवासी लालगंज और अवधेश कुमार (45) पुत्र प्यारेलाल निवासी लालगंज को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने इन चारों को मृत घोषित कर दिया।
घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में मुकेश पाल, अंकुश पाल, बबलू पांडे और प्रमोद कुमार घायल हो गए हैं। मिल एरिया थानेदार का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।