मंडल स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेते बच्चे।
रायबरेली। मंडल स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता मंगलवार को नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर में आयोजित की गई, जिसमें केवल रायबरेली और उन्नाव के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नोडल खंड शिक्षा अधिकारी बृजलाल वर्मा ने किया। विभिन्न वर्गों के मुकाबलों में रायबरेली के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और सफल खिलाड़ियों का चयन अंतरमंडलीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
अंडर-14 बालक वर्ग की राइफल शूटिंग (इंडियन राउंड) में रायबरेली के आदित्य ने प्रथम, आकाश ने द्वितीय और अविनाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पिस्टल शूटिंग में रायबरेली के किशन को पहला, उन्नाव के अनिकेत को दूसरा और उन्नाव के आयुष को तीसरा स्थान मिला। वहीं, पीप साइट शूटिंग में रायबरेली के रिवांश ने पहला, रायबरेली के जय ने दूसरा और उन्नाव के आयुष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा बालिका वर्ग में भी नौ खिलाड़ियों का चयन किया गया। बालक और बालिका दोनों वर्गों के ये सभी चयनित खिलाड़ी आगामी 3 और 4 अगस्त को मेरठ में होने वाली अंतरमंडलीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक मो. शोएब, रेनू शुक्ला, कयामुद्दीन, सत्य प्रकाश, मो. रमजान व परवेज आदि उपस्थित रहे।