मंडलीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले रायबरेली के खिलाड़ी।
रायबरेली। उन्नाव जिले में सोमवार को आयोजित 47वीं मंडल स्तरीय बेसिक विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में रायबरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर परचम लहराया है। रायबरेली की टीम ने सभी प्रतिभागी टीमों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। एकल एवं युगल दोनों ही स्पर्धाओं में रायबरेली के बालक और बालिका खिलाड़ियों ने उपलब्धि अर्जित की है। इन खिलाड़ियों का चयन अंतरमंडलीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
बालक वर्ग में हरचंदपुर विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय लोहानीपुर के अंश एवं सुयश ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की दीपाली, माही, शुभी एवं अंशिका ने भी शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान बनाया। खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह एवं नोडल बृजलाल ने खुशी जताई। इन्होंने अंतरमंडलीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला व्यायाम शिक्षक शोएब हसन खान ने बताया कि बैडमिंटन की अंतरमंडलीय प्रतियोगिता 19 अगस्त को बरेली जिले में आयोजित होगी। मंडल स्तर पर सफलता अर्जित करने वाले सभी खिलाड़ी अंतरमंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए हैं। खिलाड़ियों के साथ कोच मो. रमजान, प्रधानाध्यापक प्रवीण श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।