रायबरेली। शारदीय नवरात्र से पहले शहर में शनिवार को शुरू कराए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों ने अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए किया। सदर विधायक अदिति सिंह मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठ गईं और नाराजगी जताते हुए पालिका के कर्मचारियों को फटकार लगाई। ईओ ने दुकानदारों से किसी तरह की अवैध वसूली न किए जाने का भरोसा देकर मामला शांत कराया। विरोध के चलते अभियान भी रुक गया। धरने के दौरान अदिति सिंह के तेवर तल्ख रहे। विगत दिनों एक पूर्व विधायक ने सोशल मीडिया पर अमेठी के एमएलसी दीपक सिंह व उनका इंटरव्यू लेने वाले को धमकी दी थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में चार जूते मारने की बात भी कही थी। यह बात शनिवार को धरनास्थल पर भी उठी तो अदिति सिंह ने बिना पूर्व विधायक का नाम लिए ही कहा कि यह मेरा शहर है...। यहां कोई किसी व्यिक्त या पटरी दुकानदार को धमकाएगा तो मैं दस जूते मारूंगी। यहां के लोगों की गरिमा और स्वाभिमान की रक्षा की जिम्मेदारी मेरी है।
नगर पालिका परिषद रायबरेली, सदर तहसील और ट्रैफिक पुलिस की तरफ से पूर्वाह्न 11 बजे सुपर मार्केट से घंटाघर चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। सड़क किनारे लगे पटरी दुकानदारों के ठेले हटवा दिए गए। पालिका कर्मचारियों ने कई दुकानदारों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगा दिया। इससे दुकानदार पालिका के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर सदर विधायक और व्यापारी नेता पंकज मुरारका पहुंच गए। विधायक अदिति सिंह ने घंटाघर चौराहे पर कुर्सी में बैठकर दुकानदारों से अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया। इस दौरान पालिका कर्मचारियों का कहना था कि अवैध वसूली नहीं की गई, बल्कि नायब तहसीलदार के कहने पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया था।
मौके पर पहुंचे ईओ ने दुकानदारों किसी तरह की अवैध वसूली न होने की बात कहकर मामले को शांत कराया। यातायात प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि त्योहार पर जाम की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए अभियान चलाकर सड़क पर लगाए गए 70 ठेले हटवाए गए हैं।
रोजी-रोटी छीनने का प्रयास
आगामी त्योहारों से पहले शहर में शुरू कराया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान गलत है। पटरी दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनने का प्रयास किया जा रहा है। दुकानदारों के साथ किसी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम सब पटरी दुकानदारों के साथ खड़े हैं। जरूरत पड़ने पर दुकानदारों के लिए आंदोलन किया जाएगा।
पंकज मुरारका, प्रदेश महामंत्री, उद्योग व्यापार मंडल रायबरेली
जुर्माना लगाया गया, अवैध वसूली नहीं हुई
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह ने बताया कि त्योहार पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। इस दौरान सड़क किनारे ठेला लगाने पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया था। पालिका कर्मचारियों की तरफ से कोई अवैध वसूली नहीं की गई है। दुकानदारों की जो समस्या थी, उसे दूर करा दिया गया है।
यह मेरा शहर, जो धमकाएगा उसे दस जूते मारूंगी...