सिविल लाइन क्षेत्र के गोरा बाजार स्थित गैस एजेंसी में बुकिंग करने के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़
रायबरेली। गैस एजेंसी पर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। शहर में बृहस्पतिवार को गैस एजेंसी पर सिलिंडर न होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया। सुबह से गैस एजेंसी पर बुकिंग व परची के लिए लोगों की कतारें लगीं। जमकर धक्कामुक्की के साथ परची पाने के लिए होड़ रही। पिछले डेढ़ माह से गैस सिलिंडर की जो किल्लत चल रही है, वह थमने का नाम नहीं ले रही है।
भीषण गर्मी और तपिश के बीच लोग अपना कामकाज छोड़कर एजेंसी पर बुकिंग और परची कटाने के लिए बृहस्पतिवार को कतार लगाकर खड़े हुए। तपिश अधिक होने से कई लोग गश खाकर गिर पड़े, जिनको किसी तरह संभाला गया। पानी पिलाकर छांव में बैठाया गया। महिलाओं को इस समय अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही वह घर का कामकाज छोड़कर गैस सिलिंडर के लिए एजेंसी के बाहर लगी कतार में खड़ी होने को मजबूर हैं।
बृहस्पतिवार को शहर के गोराबाजार स्थित गैस एजेंसी में बुकिंग और परची कटाने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। गैस सिलिंडर न होने का नोटिस लगा दिया गया। इस पर उपभोक्ताओं को गर्म हवा का सामना करते हुए शहर के पांच किमी दूर झकरासी जाकर गैस सिलिंडर लेना पड़ा। वहां पर सभी को गैस सिलिंडर नहीं मिला। स्टॉक कम रहा और जो पहले आए, उनको गैस सिलिंडर मिल गया। अन्य उपभोक्ता घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर लौट गए।
जिला पूर्ति अधिकारी उबेर्दुरहमान का कहना है कि गैस एजेंसियों पर गैस सिलिंडर का स्टॉक भेजा जा रहा है। जिले में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। एजेंसी संचालकों को सही तरीके से गैस सिलिंडर वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गैस एजेंसी पर नहीं पहुंच रहे अधिकारी
गैस एजेंसी पर जिम्मेदार अधिकारी नहीं आ रहे हैं, जिस कारण एजेंसी पर लोगों की समस्याओं का निपटारा नहीं हो पा रहा है। लोगों का कहना है कि अधिकारी कभी भी गैस एजेंसी व गैस गोदाम पर नहीं आते हैं, इस कारण गैस एजेंसी संचालकों की मनमानी जारी है। ब्लैक में सिलिंडर बेचा जा रहा है और जो लोग परची लेकर घूम रहे हैं, उनको सिलिंडर के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।